वाराणसी: सतुआ बाबा के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी का प्रयास, श्रद्धालुओं से मांगे पैसे; साइबर सेल जांच में जुटी
वाराणसी। महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर श्रद्धालुओं और परिचितों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस साइबर ठगी की जानकारी मिलने के बाद सतुआ बाबा ने चौक थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच साइबर सेल को सौंप दी है।
फर्जी आईडी बनाकर मांगे जा रहे थे रुपये
सतुआ बाबा ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए फर्जी आईडी तैयार की है। इस आईडी से लोगों को व्यक्तिगत संदेश भेजकर खुद को सतुआ बाबा बताकर आर्थिक सहायता और रुपये की मांग की जा रही है। इससे उनके भक्तों और परिचितों के साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि कुछ संदेशों में अभद्र और अमर्यादित भाषा का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ है।
संत के फोन से सामने आया मामला
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक संत ने फोन कर बताया कि उनके नाम से संदिग्ध संदेश भेजे जा रहे हैं। इसके बाद सतुआ बाबा ने संबंधित आईडी की जानकारी जुटाई और तत्काल चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि फर्जी आईडी संचालित करने वाले लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि कोई अन्य व्यक्ति इस साइबर ठगी का शिकार न बने।
साइबर सेल करेगी तकनीकी जांच
चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फर्जी आईडी बनाने और संचालित करने वाले आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील
सतुआ बाबा ने अपने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी पैसे मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट या मैसेज की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

