भदोही सड़क हादसा: ऑटो की टक्कर से प्रधान के बेटे की मौत, वाराणसी से लौटते समय डिवाइडर से टकराई बाइक
महराजगंज (भदोही)। औराई कोतवाली क्षेत्र के तिऊरी गांव के पास वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लक्ष्मणपट्टी गांव के प्रधान राजेश गौतम के 20 वर्षीय बेटे अखिलेश कुमार गौतम की मौत हो गई। रिश्तेदार को वाराणसी छोड़कर घर लौट रहे अखिलेश की बाइक सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक डिवाइडर से जा भिड़ी और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।
रिश्तेदार को छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, अखिलेश रविवार को एक रिश्तेदार को वाराणसी छोड़ने गया था। देर शाम वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। तिऊरी गांव के पास हाईवे की दक्षिणी लेन पर सामने से आ रहे ऑटो से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़
सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए जब अखिलेश का शव जिला अस्पताल ज्ञानपुर पहुंचा तो वहां परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अस्पताल परिसर में हर किसी की आंखें नम थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिवार का सबसे बड़ा बेटा था अखिलेश
अखिलेश तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से मां शैल कुमारी, पिता एवं ग्राम प्रधान राजेश गौतम और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि अखिलेश पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था और अपने सरल व मिलनसार स्वभाव के कारण सभी का चहेता था।
पूरे गांव में पसरा मातम
सोमवार को लक्ष्मणपट्टी गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा। अखिलेश के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि एक हंसते-खेलते युवक की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
ऑटो चालक पर दर्ज होगी एफआईआर
औराई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

