सनाथपट्टी-महदेपुर में ग्रामीणों के आंदोलन का असर, जिला पंचायत सदस्य ने किया निरीक्षण; ढाई महीने में सड़क-नाली निर्माण का भरोसा
भदोही। सुरियावां विकासखंड के ग्राम सनाथपट्टी-महदेपुर में वर्षों से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार टूट गया। “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के बैनर तले हुए विरोध प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ी। बुधवार को जिला पंचायत सदस्य चंद्रभूषण त्रिपाठी ‘पप्पू त्रिपाठी’ गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य को बताया कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है। बरसात के दिनों में सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण घरों के सामने तक पानी भर जाता है और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है।

सोशल मीडिया की खबर बनी बदलाव की वजह
निरीक्षण के दौरान चंद्रभूषण त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें गांव की समस्या की जानकारी सोशल मीडिया और स्थानीय समाचारों के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने स्वयं गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और सड़क व नाली निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि करीब ढाई महीने के भीतर सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूरा कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व पूरे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना है और इस गांव की समस्या अब प्राथमिकता में रहेगी।
वर्षों से नहीं सुनी गई ग्रामीणों की आवाज
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, विधायक और सांसद जैसे सभी जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधित्व के बावजूद सड़क की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बिना मौके पर पहुंचे ही शिकायत का निस्तारण दिखाते हुए फर्जी आख्या लगा दी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।
दिनेश यादव ‘दादा’ के नेतृत्व में हुआ आंदोलन
इस जनआंदोलन का नेतृत्व युवा समाजसेवी दिनेश यादव ‘दादा’ ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे थे, लेकिन किसी ने उनकी आवाज नहीं सुनी। जब सोशल मीडिया के जरिए मामला व्यापक स्तर पर पहुंचा, तब जाकर जनप्रतिनिधियों ने संज्ञान लिया।
उन्होंने कहा, “आज तक कोई भी जनप्रतिनिधि गांव की समस्या सुनने नहीं आया था। पप्पू त्रिपाठी पहले ऐसे प्रतिनिधि हैं, जो सोशल मीडिया पर खबर देखने के बाद गांव पहुंचे और समाधान का भरोसा दिया। अब पूरा गांव उम्मीद कर रहा है कि तय समय में काम शुरू होगा।”
ग्रामीणों ने जताई उम्मीद
निरीक्षण के दौरान डॉ. लाल साहब बिंद, कृष्णा यादव (पर्यावरण प्रेमी), विश्वनाथ यादव, मोनू यादव, लालू पाल, पत्तेलाल यादव, धर्मराज यादव, लपई यादव, राजेश यादव, छोटे लाल यादव, अनुराग बिंद, पंधारी यादव, सभाजीत यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने सड़क और नाली निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग दोहराई।
जिला पंचायत सदस्य के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस बार वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


