मौसम को देखते हुए गांवों में चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान
ज्ञानपुर। गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए दस्त रोग की रोकथाम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अभोली ब्लॉक के पंचायत भवन मतेथू में बृहस्पतिवार को क्लस्टर बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा, आशा संगिनी, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने कहा कि गर्मी के मौसम में दूषित पानी और अस्वच्छ खानपान के कारण दस्त रोग तेजी से फैलता है। ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में लोगों को हाथ धोने की आदत, साफ पेयजल के उपयोग और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जाए।
डब्ल्यूएचओ मॉनिटर श्याम सुंदर सिंह ने बताया कि मौसम परिवर्तन के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों में दस्त रोग का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि लोगों को ओआरएस घोल और जिंक टेबलेट के उपयोग के बारे में जानकारी देना जरूरी है, ताकि शुरुआती अवस्था में ही बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने, गांव स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा साफ-सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी गांव में दस्त रोग के मामले सामने आने पर तत्काल सूचना देकर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान बीसीपीएम अजीत कुमार, अंतिमा, सुनीता बिंद, सीएचओ मोहिनी वर्मा, प्रदीप कुमार समेत कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







