पुश्तैनी जमीन पर कब्जे से परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
भदोही जिले के गौरा गांव स्थित सराय कंसराय स्टेशन रोड पर मंगलवार सुबह एक युवक के मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुश्तैनी जमीन और रास्ते के विवाद से परेशान युवक ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर युवक नीचे उतरा।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरा गांव निवासी इंद्रमणि गौतम का पुत्र बृजेश कुमार गौतम (22) सुबह लगभग पांच बजे गांव के समीप लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। सुबह जब परिजनों ने उसे घर में नहीं देखा तो तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसे टॉवर की ऊंचाई पर बैठे देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और उसे आने-जाने के लिए रास्ता भी नहीं दिया जा रहा है। उसने बताया कि इस मामले में कई बार राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से परेशान होकर उसने विरोध स्वरूप टॉवर पर चढ़ने का निर्णय लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव और राजस्व निरीक्षक सुरेश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर युवक और उसके परिजनों से बातचीत की।
करीब तीन घंटे तक प्रशासनिक अधिकारी युवक को समझाने में जुटे रहे। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरते ही प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।
नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई है तथा समाधान दिवस में युवक की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





