स्वगणना पोर्टल की तकनीकी खामियों से लोग परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वगणना पोर्टल में तकनीकी खामियों से बढ़ी लोगों की मुश्किलें, घंटों कोशिश के बाद भी नहीं हो पा रही प्रक्रिया पूरी

जनगणना की ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। सरकार की ओर से डिजिटल व्यवस्था को आसान और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ऑनलाइन स्वगणना तकनीकी खामियों के चलते लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है। सर्वर की धीमी गति, ओटीपी में देरी, लोकेशन ट्रेसिंग की समस्या और बार-बार पोर्टल बंद होने जैसी दिक्कतों से लोग जूझ रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों और नई बस्तियों में स्थिति और अधिक खराब बनी हुई है। कई लोगों का कहना है कि पोर्टल जीपीएस ऑन करने के बावजूद सही मकान की लोकेशन नहीं खोज पा रहा। किसी की लोकेशन दूसरे गांव या मोहल्ले में दिख रही है तो किसी की लोकेशन बार-बार बदल जा रही है। ऐसे में लोगों को मोबाइल लेकर घर के बाहर घूमना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही।

खड़सरा निवासी मधुरेंद्र सिंह ने बताया कि कई बार प्रयास के बाद किसी तरह घर की लोकेशन दर्ज हुई, लेकिन उसके बाद ‘सेव’ और ‘नेक्स्ट’ बटन काम करना बंद कर दिया। हर बार प्रक्रिया दोबारा शुरू करनी पड़ रही है। जगदरा निवासी चंद्रप्रकाश ने कहा कि पोर्टल उनके मकान की लोकेशन ही नहीं खोज पा रहा, जिससे वे स्वगणना पूरी नहीं कर सके।

वहीं पंदह निवासी अनूप राय ने बताया कि लॉगिन के दौरान ओटीपी आने में इतना समय लग जाता है कि तब तक पेज एक्सपायर हो जाता है। करमौता निवासी अतुल राय के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरने के बाद भी डेटा सेव नहीं हो रहा। कई बार ‘सबमिट’ और ‘नेक्स्ट’ विकल्प अचानक काम करना बंद कर देते हैं।

मोबाइल फोन पर पोर्टल सही तरीके से न खुलने और हिंदी फॉन्ट में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इंटरनेट की थोड़ी धीमी गति होते ही पूरी प्रक्रिया रुक जा रही है, जिससे लोगों का समय और धैर्य दोनों टूट रहे हैं। कई लोग अब ऑनलाइन स्वगणना छोड़ प्रगणकों के घर आने का इंतजार कर रहे हैं।

जनसेवा केंद्र संचालक संतोष सिंह ने बताया कि पहली बार बड़े स्तर पर डिजिटल लोकेशन टैगिंग और ऑनलाइन सत्यापन लागू किया गया है। शुरुआती दिनों में सर्वर पर अधिक दबाव और तकनीकी समन्वय की कमी के कारण दिक्कतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन स्वगणना से दूरी बना सकते हैं।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles