जंगीगंज, भदोही। जनपद के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का व्यापक आयोजन किया गया। जिले के कुल 20 पीएचसी पर आयोजित इस मेले में 1390 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए इस मेले में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
डॉक्टरों के अनुसार इस समय बदलते मौसम के चलते सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार, पेट संबंधी रोग और फंगल संक्रमण के मरीजों की संख्या अधिक रही। विशेषज्ञों ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव और खानपान में लापरवाही इन बीमारियों का मुख्य कारण बन रही है।
मेले में केवल इलाज ही नहीं, बल्कि विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का भी लाभ लोगों को दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए गए, वहीं आभा (ABHA) हेल्थ आईडी कार्ड भी तैयार किए गए, जिससे मरीजों का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
कसियापुर, चकटोडर, महजूदा, करियाव, जयरामपुर, ममहर, नई बाजार, गिर्दबड़गांव, कटरा, सेमराध, डेरावां सहित कई केंद्रों पर आयोजित मेले में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जंगीगंज पीएचसी के प्रभारी डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि उनके केंद्र पर 24 मरीजों का उपचार किया गया और 5-5 आयुष्मान व आभा कार्ड बनाए गए।
सेमराध केंद्र पर 32 मरीजों की जांच के साथ 12 आयुष्मान और 2 आभा कार्ड बनाए गए, जबकि गिर्दबड़गांव में 45 मरीजों को इलाज और दवाएं दी गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे मेले में सक्रिय भूमिका निभाई और मरीजों को बेहतर सेवा देने का प्रयास किया।
डॉक्टरों ने गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिक मसालेदार और तला-भुना भोजन से बचें, साफ पानी का सेवन करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। साथ ही कोल्ड ड्रिंक, अधिक चाय और बाहर के खाने से दूरी बनाने की भी अपील की गई।
मेले में डॉ. देवेश पांडेय, डॉ. गजेंद्र सिंह, ऋतुराज पांडेय, डॉ. विश्व दीपक शुक्ला, कामिनी मौर्य, लवकुश, अनीश यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास को ग्रामीणों ने सराहा और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की मांग की।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।