ज्ञानपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला: 20 केंद्रों पर 1310 मरीजों का इलाज, मौसमी बीमारियों का रहा असर
ज्ञानपुर। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक लाभ देखने को मिला। जनपद के 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस मेले में कुल 1310 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बदलते मौसम का असर साफ तौर पर मरीजों की संख्या और बीमारियों में देखने को मिला। मेले में आए अधिकांश मरीज सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार और पेट दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। खास बात यह रही कि कुल मरीजों में लगभग 30 प्रतिशत लोग पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे।
यह मेला चकटोडर, कसियापुर, हरिहरपुर, करियाव, सेमराध, कटरा, गोपीगंज, लालानगर, जयरामपुर सहित कुल 20 केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। प्रत्येक केंद्र पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं और परामर्श प्रदान किया।
अभोली ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में प्रभारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में मेले का आयोजन हुआ। यहां कुल 22 मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक मरीज की हालत गंभीर पाए जाने पर उसे तत्काल भर्ती कर लिया गया।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष कुमार चक ने भी मेले का निरीक्षण किया। उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कसियापुर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और लू वार्ड में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मई हरदोपट्टी स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित पाए गए।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी रहा जोर
मेले के दौरान मरीजों को केवल दवाएं ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। डॉक्टरों ने लोगों को साफ-सफाई, संतुलित आहार, गर्मी से बचाव और मौसमी बीमारियों से बचने के उपायों की जानकारी दी।
ग्रामीणों को घर के पास मिला इलाज
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। दूर-दराज के गांवों के लोगों को बिना किसी खर्च के अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है, जिससे उनकी समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
