हाइवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर चालक के गले में घुसा लोहे का पाइप, मौके पर मौत
महाराजगंज (भदोही)। औराई कोतवाली क्षेत्र के विक्रमपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की दक्षिण लेन पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोहे के गेट बनाने वाले चौकोर पाइप लादकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टाटा मैजिक मालवाहक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक में लदा लोहे का पाइप उछलकर ट्रेलर के सामने का शीशा तोड़ते हुए चालक के गले में जा घुसा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी 45 वर्षीय राहिल के रूप में हुई है। वहीं टाटा मैजिक चालक वाराणसी के शिवपुर पंचकोशी निवासी राजन कुमार गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल औराई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर वाराणसी से लोहे के तार और पाइप का माल लेकर जा रहा था। विक्रमपुर के पास ओवरब्रिज से उतरते समय चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्रेलर लहराते हुए आगे चल रहे टाटा मैजिक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक में लदा एक चौकोर लोहे का पाइप उछलकर ट्रेलर की विंडशील्ड तोड़ते हुए चालक के गले में जा धंसा।
हादसे के बाद दोनों वाहन कुछ दूरी तक घिसटते हुए जाकर रुके। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक के गले में फंसे पाइप को बाहर निकालकर दोनों घायलों को औराई ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ट्रेलर चालक राहिल को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद हाईवे-19 की दक्षिणी लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 30 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
औराई थाना प्रभारी अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। घायल मैजिक चालक का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
