20 लाख की स्वीकृति के बाद भी डिजिटल एक्स-रे मशीन बंद, डेढ़ साल से मरीज झेल रहे परेशानी
ज्ञानपुर। जिले के सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन करीब डेढ़ साल से खराब पड़ी है। शासन से मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक मशीन दुरुस्त नहीं कराई जा सकी है। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार अगस्त 2024 में बिजली गिरने की घटना के कारण अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब हो गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से मशीन की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग को पत्र भेजे गए, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आखिरकार दिसंबर 2025 में शासन की ओर से एक्स-रे मशीन की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। लखनऊ के विद्युत एडी विभाग ने तकनीकी मद में यह राशि स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दी, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मशीन को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जिले के इस सौ शय्या अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 500 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें से करीब 50 मरीज हड्डी से संबंधित बीमारियों के होते हैं, जबकि 15 से 20 मरीजों को रोजाना एक्स-रे जांच की जरूरत पड़ती है।
डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण ओपीडी भवन में जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल परिसर में स्थित टीबी अस्पताल में जाकर एक्स-रे कराना पड़ता है। इससे मरीजों को अतिरिक्त परेशानी के साथ ही समय भी अधिक लग रहा है।
इतना ही नहीं, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से भी कई मरीज एक्स-रे जांच के लिए यहां आते हैं। फिलहाल सौ शय्या अस्पताल के टीबी अस्पताल में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन पर ही जिला अस्पताल और सौ शय्या दोनों अस्पतालों का दबाव है।
दोनों अस्पतालों को मिलाकर प्रतिदिन लगभग 1200 से 1300 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनमें से करीब 150 से अधिक मरीजों को रोजाना डिजिटल एक्स-रे की आवश्यकता होती है। एक ही मशीन पर इतना अधिक भार होने के कारण मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि शासन से धन मिलने के बाद भी मशीन की मरम्मत में देरी होना लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने जल्द से जल्द डिजिटल एक्स-रे मशीन को दुरुस्त कर मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
