औराई में बड़ी चोरी से हड़कंप, टेंट व्यवसायी की दुकान में सेंध लगाकर 25 लाख का माल पार
मालवाहक वाहन, डीजे सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले उड़े शातिर चोर
औराई (भदोही)। थाना औराई क्षेत्र के सहसेपुर गांव के पास शनिवार की रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने टेंट व्यवसायी की दुकान में सेंध लगाकर करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। चोर दुकान के बाहर खड़े मालवाहक वाहन को भी नहीं छोड़े और उसी में डीजे मशीन, साउंड बॉक्स समेत अन्य कीमती सामान लादकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कठारी निवासी मोहम्मद बदरु आलम की सहसेपुर गांव के पास मुख्य मार्ग के किनारे टेंट और डीजे की दुकान है। दुकान में टेंट, पंडाल का सामान, डीजे सिस्टम, साउंड बॉक्स, लाइटिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे हुए थे। शनिवार देर रात चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर भीतर प्रवेश किया और बड़ी ही सफाई से वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर
चोरों की चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने जाते-जाते दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले लिया, जिससे उनकी पहचान न हो सके। इससे साफ है कि वारदात पूरी योजना के तहत की गई।
सुबह टूटा ताला देख सन्न रह गया दुकानदार
रविवार सुबह जब मोहम्मद बदरु आलम दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो मालवाहक वाहन (मैजिक), डीजे मशीन, साउंड बॉक्स, लाइटिंग उपकरण और अन्य कीमती सामान गायब थे। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
डॉग स्क्वायड की जांच, दो घंटे तक खंगाला इलाका
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया, जिसने लगभग दो घंटे तक आसपास के इलाके में गहन जांच-पड़ताल की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के पास इतनी बड़ी चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
पुलिस का बयान
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि
“मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।”
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


