बिना टोल टैक्स दिए बूम हटाकर पांच वाहन पास कराने का आरोप, अधिवक्ताओं पर तहरीर
लालानगर (भदोही)।
वाराणसी–प्रयागराज हाईवे स्थित लालानगर टोल प्लाजा पर सोमवार को एक बार फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे अधिवक्ताओं के एक समूह ने कथित रूप से बिना टोल टैक्स अदा किए ही टोल प्लाजा का बूम हटाकर अपने पांच वाहन जबरन पास करा लिए। इस दौरान टोल कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, पांचों वाहनों में सवार अधिवक्ताओं ने टोल टैक्स देने से साफ इनकार कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं ने दावा किया कि बाराबंकी में अधिवक्ताओं के साथ हुई कथित बदसलूकी के विरोध में पूरे देश में अधिवक्ता टोल टैक्स का बहिष्कार कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सांकेतिक हड़ताल चल रही है, जो मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी।
टोल कर्मचारियों का आरोप है कि अधिवक्ताओं ने बातचीत के बजाय हाथ से बूम को हटाया और बिना भुगतान किए पांचों वाहन निकाल ले गए। घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर वाहनों की पहचान की जा रही है।
टोल प्लाजा के प्रबंधक राकेश रंजन ने बताया कि अधिवक्ताओं द्वारा जबरन बूम हटाकर वाहन पास कराना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने पांचों वाहनों के पंजीकरण नंबर के आधार पर गोपीगंज कोतवाली में लिखित तहरीर दी है।
इस संबंध में गोपीगंज कोतवाल शैलेश राय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि लालानगर टोल प्लाजा पर पूर्व में भी विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे टोल व्यवस्था को लेकर आए दिन तनाव की स्थिति बनी रहती है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
