बोलेरो की टक्कर से ऑटो रिक्शा पलटा, पांच श्रद्धालु घायल
घायलों में दो की हालत गंभीर, मंडलीय अस्पताल रेफर
जासं, घोसिया।
औराई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटका पहाड़ के समीप राजकर्ग मार्ग की दक्षिणी सर्विस लेन पर रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने ऑटो रिक्शा को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो पर सवार पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही औराई पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घायल मिर्जापुर जनपद के कछवां थाना क्षेत्र के सदेसर गांव निवासी बताए गए हैं। घायलों में हीरालाल, मीता देवी, मोहन, सुदामा और मीरा देवी शामिल हैं। सभी लोग एक ही ऑटो रिक्शा से राजमार्ग की सर्विस लेन होते हुए सीता समाहिर स्थल सितामढ़ी दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ऑटो रिक्शा कटका पड़ाव के पास पहुंचा, तभी गलत दिशा से आ रही बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और सवार यात्री इधर-उधर गिर पड़े।
घायलों को तत्काल औराई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हीरालाल और मीरा देवी के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार औराई में जारी है।
पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सर्विस लेन पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कराया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
