मछली मारने गया गोताखोर गंगा में डूबा, तलाश जारी
लालानगर (भदोही)।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुलौरी गंगा घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मछली मारने के लिए गंगा में उतरा एक अनुभवी गोताखोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई सफलता नहीं मिल सकी।
गुलौरी गांव निवासी 46 वर्षीय राजेंद्र कुमार कागा रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे गंगा में मछली पकड़ने के लिए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मछली पकड़ने के दौरान वह तेज बहाव और गहराई वाले हिस्से में चले गए, जिससे वह संतुलन नहीं बना सके और देखते ही देखते पानी में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद मछुआरे और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से खोजबीन शुरू की, लेकिन गंगा का तेज बहाव बाधा बना रहा। काफी देर तक तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना गोपीगंज पुलिस को दी गई।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने गंगा में कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शाम तक राजेंद्र का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण तलाश कार्य में भी कठिनाई आई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजेंद्र कुमार अपने परिवार के एकमात्र सहारे बताए जा रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी अनीता, तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी पत्नी अनीता तथा पुत्र करन और अर्जुन वर्तमान में प्रयागराज माघ मेले में चाय-नाश्ते की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पत्नी ने पहले ही बुलाया था प्रयागराज
घटनास्थल पर पहुंची पत्नी अनीता का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि उन्होंने राजेंद्र को पहले ही प्रयागराज बुलाया था ताकि माघ मेले में दुकान संचालन में मदद मिल सके। राजेंद्र ने सोमवार को प्रयागराज आने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्च ऑपरेशन को और तेज करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक गंगा में तलाश जारी थी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
