ज्ञानपुर में चटख धूप से बढ़ा तापमान, ठंड से मिली राहत
ज्ञानपुर। बीते तीन दिनों से खिली चटख धूप ने जिले के लोगों को कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत दी है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल के अनुसार, लगातार धूप निकलने से महज तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 2.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री की वृद्धि हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी मौसम साफ बना रहेगा।
हालांकि, 13 जनवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से तापमान में गिरावट के साथ दोबारा कोहरे की संभावना जताई जा रही है।
8 जनवरी रहा सबसे ठंडा दिन
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 8 जनवरी को दिन और रात दोनों ही समय कड़ाके की ठंड पड़ी थी। उस दिन अधिकतम तापमान मात्र 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री तक गिर गया था, जो बीते दस वर्षों का रिकॉर्ड बताया जा रहा है।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकल आई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप और चटक होती चली गई। छुट्टी का दिन होने के कारण लोग घरों की छतों पर बैठकर धूप का आनंद लेते नजर आए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



