धनतुलसी में पक्का पुल निर्माण को 80.12 करोड़ की स्वीकृति, कोनिया क्षेत्र को बड़ी सौगात
ज्ञानपुर। तीन ओर से गंगा से घिरे जिले के कोनिया क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। डेंगुरपुर–धनतुलसी पक्का पुल के निर्माण के लिए शासन ने 80 करोड़ 12 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। करीब 15 दिन पहले इस पुल के निर्माण को कैबिनेट से मंजूरी मिली थी।
यह पक्का पुल धनतुलसी गंगा घाट और प्रयागराज जनपद के मांडा क्षेत्र स्थित डेंगुरपुर गंगा घाट के बीच बनेगा। लगभग 1320 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर कुल 320 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पुल के बन जाने से जनपद के कोनिया क्षेत्र सहित प्रयागराज के मांडा इलाके की सवा लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
जनपद में गंगा नदी करीब 45 किलोमीटर के दायरे में फैली हुई है। वर्तमान में रामपुर, सीतामढ़ी और डेंगुरपुर–धनतुलसी पीपा पुल के सहारे लोग मिर्जापुर, प्रयागराज के मांडा और मध्यप्रदेश तक आवागमन करते हैं। बारिश के मौसम में पीपा पुल हटने से लोगों की परेशानियां बढ़ जाती हैं। भारी और चार पहिया वाहनों को मिर्जापुर या प्रयागराज होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
दो वर्ष पहले रामपुर घाट पर पक्के पुल की सौगात मिली थी, वहीं वर्ष 2025 में डेंगुरपुर–धनतुलसी घाट पर पक्के पुल को मंजूरी दी गई। रविवार को शासन की ओर से पुल निर्माण के लिए 80.12 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई।
गौरतलब है कि वर्ष 1978 की भीषण बाढ़ के बाद से ही कोनिया क्षेत्र में पक्के पुल की मांग उठती रही है। पुल के निर्माण से मध्यप्रदेश की दूरी भी कम हो जाएगी। साथ ही जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल सीतामढ़ी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
पक्का पुल बनने से आवागमन सुगम होगा, पर्यटन के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी और क्षेत्र के विकास के नए द्वार खुलेंगे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



