जलने से मां की मौत, धुएं में दम घुटने से दोनों बेटों ने तोड़ा दम
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी में हुए दर्दनाक अग्निकांड में अब नया मोड़ सामने आया है। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने मकान से सोने के जेवर गायब होने का आरोप लगाया है। मामले में भारत पेट्रोलियम कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गैस कंपनी ने एक घंटे तक खंगाला मकान
भारत पेट्रोलियम एलपीजी सहारनपुर रेंज के प्रभारी कृष्ण गुप्ता तीन सदस्यीय टीम के साथ वसुंधरा रेजीडेंसी पहुंचे। टीम ने करीब एक घंटे तक मकान में जांच की। सिलिंडर, गैस पाइप लाइन और जले हुए सामान की बारीकी से पड़ताल की गई। यह टीम आपूर्ति विभाग की सूचना पर जांच के लिए पहुंची थी।
सोने के जेवर गायब होने का आरोप
भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा को शिकायत देकर बताया कि आग बुझने के बाद मकान में प्लास्टिक के डिब्बे में चांदी के एक-दो जेवर मिले हैं, लेकिन सोने का एक भी जेवर नहीं मिला। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि
-
सुशीला (70) की मौत अधिक जलने से हुई
-
कानूनगो अमित गौड़ (47) और उनके भाई नितिन गौड़ (45) की मौत धुएं में दम घुटने से हुई
अधिक धुएं के कारण दोनों भाई कमरे से बाहर नहीं निकल सके, जबकि बुजुर्ग मां आग से खुद को बचा नहीं पाईं।
पिता की जगह मिली थी नौकरी, कानूनगो बने थे अमित
शामली के बड़ा बाजार निवासी राममोहन गौड़ तहसील शामली में अमीन थे। करीब 23 साल पहले बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था। इसके बाद बड़े बेटे अमित गौड़ को अनुकंपा के आधार पर अमीन की नौकरी मिली।
अमित की तैनाती पहले बुढ़ाना, फिर बेहट रही। प्रोन्नति के बाद वे सहारनपुर की देवबंद तहसील में कानूनगो पद पर तैनात थे। बीमारी के चलते वह इन दिनों घर पर ही थे। परिवार का खर्च मुख्य रूप से पेंशन से चलता था।
कैसे हुआ हादसा
सोमवार शाम अमित अपने भाई नितिन के साथ ठंड से बचने के लिए एक कमरे में अंगीठी जलाकर बैठे थे। दूसरे कमरे में मां सुशीला टीवी देख रही थीं। इसी दौरान रसोई में रखे गैस सिलिंडरों में धमाके के साथ आग लग गई।
पत्नी और बेटियां घर पर नहीं थीं
हादसे के समय अमित की पत्नी ऋचा और बेटियां अक्षिका (21) व आराध्या (14) पालतू कुत्ते को घुमाने कॉलोनी गई थीं। धुआं उठता देख पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी। वापस लौटते समय ही दो बार धमाका हुआ और आग विकराल हो गई।
आग बुझाने पहुंचे पड़ोसी आदित्य राणा भी झुलस गए।
किराये के मकान में रह रहा था परिवार
अमित गौड़ करीब दो महीने से कुटबा निवासी अरविंद कुमार के मकान के दूसरे तल पर किराये पर रह रहे थे। दमकल और पुलिस टीम ने आग पर काबू पाने के बाद मकान से तीनों शव बरामद किए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

