11 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा, दो घंटे की धूप के बाद फिर बढ़ी गलन
ज्ञानपुर।
जिले में मौसम का मिजाज लगातार उतार-चढ़ाव भरा बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हुआ है और लोग दिनभर गलन से परेशान नजर आ रहे हैं।
मंगलवार की सुबह जिले में घना कोहरा छाया रहा। सुबह करीब 10 बजे तक दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरा छंटने के बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक धूप निकली, जिससे लोगों ने कुछ देर के लिए राहत की सांस ली।
हालांकि दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट ली। करीब 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने लगी, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई। शाम चार बजे के बाद गलन बढ़ गई और ठंड का असर और तेज हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बनी रही। दिसंबर माह का अंतिम सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाओं के कारण ठंड और गलन बढ़ रही है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है और ठंड इसी तरह बनी रह सकती है।
मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और दिन में सीमित समय के लिए धूप निकलने की संभावना जताई गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

