अनुश्रवण समिति की बैठक में हाईवे कट बंद करने का मुद्दा, विकास कार्यों की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में छाया अवैध कट का मुद्दा

विकास योजनाओं की समीक्षा, विकसित भारत–जी राम जी पोस्टर का विमोचन

संवाद न्यूज एजेंसी | ज्ञानपुर

जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने की। बैठक में जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई, वहीं नेशनल हाईवे पर अवैध कट बंद किए जाने का मामला सबसे अहम मुद्दा बनकर सामने आया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, अमृत सरोवर समेत अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा विकसित भारत–जी राम जी के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

हाईवे कट बंद होने से राजस्व पर असर

विधायक दीनानाथ भाष्कर ने बताया कि आठ अगस्त 2025 को हुई पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। नेशनल हाईवे पर कट बंद होने से पेट्रोल पंप संचालकों की बिक्री प्रभावित होने और जिले के राजस्व में गिरावट की शिकायतों के साथ ही राइस मिलरों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पात्रों को ही मिले आवास योजना का लाभ

विधायक ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना में केवल पात्र लाभार्थियों का ही चयन हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अमृत सरोवरों की नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया।

शवदाह गृह और बिजली व्यवस्था की समीक्षा

ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे ने वित्तीय वर्ष 2023, 2024 और 2025 में बने शवदाह गृहों की अद्यतन स्थिति की विधानसभा-वार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को दिए।

बिजली निगम की समीक्षा के दौरान विधानसभा-वार अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर की आवश्यकता, क्षमता वृद्धि, फीडर सेपरेशन तथा लंबित कार्यों की विस्तृत सूची एक्सईएन से तलब की गई, ताकि समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान किया जा सके।

अधिकारियों ने जताई प्रतिबद्धता

बैठक में जिला विकास अधिकारी ज्ञान प्रकाश, उपायुक्त मनरेगा राजाराम, उपायुक्त स्वतः रोजगार अनुराग राय, प्रभागीय वनाधिकारी विवेक यादव सहित अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर अद्यतन जानकारी दी और कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि संजय सिंह, छेदीलाल यादव, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, प्रियंका बिंद, मनोज मिश्रा, घनश्याम दास गुप्ता, लालता सोनकर, कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, शैलेंद्र कुमार दूबे, नंदलाल पांडेय, नागेंद्र सिंह, राजेंद्र पाल बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles