इंस्टाग्राम पर आत्महत्या टैगलाइन की सूचना पर भदोही पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवक सुरक्षित
भदोही | 29 दिसंबर 2025
थाना ऊंज क्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित टैगलाइन के साथ वीडियो/स्टेटस अपलोड किए जाने की सूचना पर भदोही पुलिस द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की गई।
दिनांक 29.12.2025 को मेटा (इंस्टाग्राम) कंपनी की ओर से प्राप्त सूचना के आधार पर यह जानकारी सामने आई कि एक युवक द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आत्महत्या करने की टैगलाइन के साथ वीडियो/स्टेटस अपलोड किया गया है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भदोही श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक भदोही श्री शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना ऊंज प्रभारी निरीक्षक द्वारा पुलिस बल के साथ तत्काल युवक के निवास स्थान पर पहुंचकर युवक एवं उसके परिजनों से विस्तृत वार्ता की गई।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि युवक द्वारा आत्महत्या का कोई प्रयास नहीं किया गया था, बल्कि भूलवश आत्महत्या जैसी संवेदनशील टैगलाइन के साथ स्टेटस अपलोड कर दिया गया था। युवक पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वस्थ है तथा आत्महत्या करने की उसकी कोई मंशा या इरादा नहीं है। वर्तमान में वह सामान्य रूप से अपने परिवार के साथ रह रहा है।
थाना प्रभारी द्वारा युवक एवं उसके परिजनों को सोशल मीडिया पर इस प्रकार की संवेदनशील टैगलाइन/कैप्शन लगाने से उत्पन्न होने वाले गंभीर सामाजिक एवं कानूनी परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया तथा भविष्य में ऐसी गलती न करने की सख्त हिदायत दी गई।

साथ ही किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्या अथवा अन्य परेशानी की स्थिति में निम्न विकल्प अपनाने की सलाह दी गई—
-
तत्काल डायल 112 पर कॉल करें
-
निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें
-
परिजनों या विश्वसनीय मित्रों से खुलकर संवाद करें
थाना ऊंज पुलिस द्वारा युवक की काउंसलिंग भी की गई तथा परिजनों को उसकी गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस द्वारा यह भी विश्वास दिलाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय पुलिस त्वरित सहायता हेतु सदैव तत्पर है।
काउंसलिंग करने वाली पुलिस टीम (थाना ऊंज):
-
वरिष्ठ उप निरीक्षक – बृजेश कुमार राय
-
हेड कांस्टेबल – विकाश कुमार
-
कांस्टेबल – चन्द्रदीप
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

