शादी के 5 घंटे बाद दुल्हन चाय के बहाने ट्रेन से उतरकर भागी, ठगी का मामला उजागर
पीडीडीयू नगर।
पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर शनिवार की रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां शादी के कुछ ही घंटे बाद दुल्हन चाय पीने के बहाने ट्रेन से उतरकर भागने लगी। घटना से स्टेशन परिसर में हंगामा मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि यह पूरा मामला शादी के नाम पर की जा रही ठगी से जुड़ा है।
मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजीव वर्मा की शादी बिहार के डेहरी ऑन सोन निवासी एक युवती से कराई गई थी। आरोप है कि इस शादी को तय कराने के लिए तीन दलालों ने राजीव वर्मा से एक लाख रुपये नकद और 80 हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए थे। शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा अपनी नवविवाहिता के साथ ट्रेन से मध्य प्रदेश लौट रहा था।
ट्रेन के पीडीडीयू जंक्शन पहुंचते ही दुल्हन का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने हंगामा करना शुरू कर दिया और फिर चाय पीने के बहाने ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर भागने लगी। दुल्हन को भागते देख यात्रियों और रेलवे स्टाफ की नजर उस पर पड़ गई, जिससे स्टेशन परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
मामला बिगड़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दुल्हन को पकड़ लिया और दोनों पक्षों को मुगलसराय कोतवाली ले गई। वहां देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही।
पीड़ित दूल्हे राजीव वर्मा ने पुलिस से अपनी ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि दुल्हन और तीनों दलाल बिहार के डेहरी ऑन सोन के ही निवासी हैं। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल गगन राज ने बताया कि मामला कोतवाली में आया था, लेकिन मूल रूप से यह बिहार से संबंधित है। फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

