हत्या मामले में मुख्य आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित, तलाश में जुटी पुलिस
भदोही, संवाददाता।
शहर कोतवाली क्षेत्र के घसकारी गांव निवासी कमलाकांत दुबे की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुजीत यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। यह घोषणा गुरुवार को की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या उसकी सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सुजीत यादव ग्राम प्रधान मनीष यादव का भाई है। आरोप है कि 10 दिसंबर की देर रात जब कमलाकांत दुबे अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी सुजीत यादव ने कार से उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और लगातार स्थान बदल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने इस मामले में ग्राम प्रधान मनीष यादव समेत अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण भी किया है। हत्या की इस वारदात के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक कमलाकांत दुबे ने पूर्व में ग्राम प्रधान के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें की थीं, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

