मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, पेशी के बाद एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार
औराई (भदोही)।
कोतवाली औराई क्षेत्र में रविवार देर रात लगभग तीन बजे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अंतरजनपदीय अपराधी शिवम भारतीय तथा उसका साथी मोनू तिवारी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवम भारतीय के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि औराई पुलिस और एसओजी टीम रविवार रात उगापुर नहर पुलिया से लगभग 100 मीटर ज्ञानपुर की ओर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राह चलते लोगों से मोबाइल छिनैती करने वाले गिरोह के सदस्य उगापुर नहर की ओर मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त शिवम भारतीय निवासी पीरकाजी, थाना फूलपुर, जनपद प्रयागराज के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया। वहीं, उसके साथी मोनू तिवारी निवासी महाराज की चकिया, थाना थरवई, प्रयागराज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार, बाइक और चाकू बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा काले रंग की बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने आठ नवंबर को थाना माधोसिंह क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल छिनैती का प्रयास करने और विरोध करने पर चाकू से हमला कर घायल करने की बात स्वीकार की है।
पेशी के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ शिवम
मुठभेड़ के बाद सोमवार को घायल अभियुक्त शिवम भारतीय को सिविल जज अनामिका चौहान की अदालत में पेश किया गया। पेशी के बाद जब पुलिस उसे वाहन में बैठा रही थी, तभी वह अचानक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका था।
एसपी बोले— तलाश में जुटीं कई टीमें
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फरारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फरारी के मामले की भी आंतरिक जांच की जा रही है।
डेढ़ दर्जन मुकदमों में वांछित है आरोपी
पुलिस के अनुसार, फरार अभियुक्त शिवम भारतीय शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ भदोही, प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर लूट, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामले पंजीकृत हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

