9 डिग्री गिरा दिन का पारा, गलन से छूटी कंपकंपी, 6 ट्रेनें निरस्त
ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिन का तापमान नौ डिग्री गिरकर 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में महज छह डिग्री का अंतर रह गया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के असर से ठंड में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की रफ्तार करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे गलन का अहसास बढ़ गया। बृहस्पतिवार को दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। घना कोहरा दोपहर 12 बजे तक छाया रहा।
10 से 15 मीटर रही दृश्यता
सुबह 10 बजे तक दृश्यता केवल 10 से 15 मीटर रही। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिन चढ़ने के साथ कोहरा कुछ छंटा, लेकिन सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी। महीने में चौथी बार जिले में घने कोहरे का असर देखने को मिला।
ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। छह ट्रेनें निरस्त कर दी गईं, जबकि सात से आठ ट्रेनें चार से पांच घंटे की देरी से चलीं।
ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं, वहीं भदोही स्टेशन पर भी जोधपुर-वाराणसी, ग्वालियर-बनारस और हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस लेट रहीं।
निरस्त ट्रेनों में बनारस-देहरादून, नई दिल्ली-बनारस, गोरखपुर-एलटीटी बृहस्पतिवार, बनारस-नई दिल्ली, देहरादून-बनारस और दुर्गा-छपरा शामिल हैं।
ग्रामीण इलाकों में अलाव नहीं
शहरी क्षेत्रों में अलाव और रैन बसेरे की व्यवस्था दिखी, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अलाव नहीं जलाए गए। औराई, लालानगर, बाबूसराय, महाराजगंज, सीतामढ़ी, ऊंज, जंगीगंज, सर्रोई, अभोली, दुर्गागंज और मोढ़ समेत कई इलाकों में लोग पुआल जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं।
नवंबर में तीनों तहसीलों के लिए पांच-पांच लाख रुपये जारी होने के बावजूद अब तक कंबल वितरण शुरू नहीं हो सका है। अलाव के लिए भी 50-50 हजार रुपये जारी किए गए थे, लेकिन व्यवस्था जमीन पर नहीं दिखी।
स्कूलों का समय बदला
ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों का समय बदल दिया है। अब विद्यालय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू रहेगा।
घने कोहरे के कारण जिले के 725 निजी और 885 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति प्रभावित रही। परिषदीय स्कूलों में उपस्थिति करीब 50 प्रतिशत तक कम दर्ज की गई।
आगे भी रहेगा ऐसा मौसम
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से पछुआ हवाओं का असर बढ़ा है। यदि हवा की दिशा में बदलाव नहीं हुआ तो आने वाले कई दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

