सुरियावां (भदोही)।
नगर के रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को आयोजित हिंदू सम्मेलन में हिंदू समाज को संगठित और एकजुट करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री परिवार द्वारा विधि-विधान से यज्ञ एवं हवन के साथ की गई। इसके पश्चात पीस कॉटेज स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश के सेवा प्रमुख युद्धवीर ने कहा कि हिंदू संस्कृति केवल परंपरा नहीं बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सामाजिक समरसता के लिए हिंदू समाज का संगठित होना आवश्यक है। संघ के माध्यम से समाज की सभी जातियों और वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचे।
विशिष्ट अतिथि राधेश्याम भास्कर ने हिंदू समाज की विभिन्न जातियों के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पासी समाज, बिंद समाज, मेहतर समाज समेत अनेक जातियों का गौरवशाली इतिहास रहा है। इन समाजों ने देश और समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है, जिसे भुलाया नहीं जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि हरिद्वार पीठ के अंजनी नंदन महाराज एवं सुंदरवन कटेबना की राजलक्ष्मी मंदा ने भी अपने संबोधन में समाज में आपसी भाईचारे, समरसता और एकता बनाए रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता घनश्याम उमर ने की, जबकि संचालन देवेंद्र सिंह ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला प्रचारक कमलेश, राधेश्याम, विष्णु जायसवाल, रविचंद्र यादव, आशीष वर्मा, मयंक भारत, पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, अवधेश उमर, शिप्रा उपाध्याय, सूरजभान, गौरी शंकर मिश्रा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

