यूपी विधानसभा सत्र: सर्वदलीय बैठक से पहले सपा की मांग—पांच दिन का सत्र नाकाफी, कार्यवाही बढ़ाए सरकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र को सिर्फ पांच दिनों का रखे जाने पर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है। शुक्रवार से शुरू हो रहे सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में जाते समय सपा नेता रविदास मल्होत्रा ने कहा कि सरकार जरूरी जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है, इसलिए सत्र को जानबूझकर छोटा रखा गया है। उन्होंने मांग की कि सत्र की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके।
सपा नेता ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पांच दिन का सत्र पर्याप्त नहीं है। सरकार को विपक्ष की बात सुननी चाहिए और सदन की कार्यवाही के दिन बढ़ाने चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो।
सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, बसपा नेता उमा शंकर सिंह, कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इससे पहले शीतकालीन सत्र के एजेंडे को लेकर बृहस्पतिवार को कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, सरकार सदन में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष चर्चा करा सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से शुरू होकर 24 दिसंबर तक प्रस्तावित है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

