शासन की सर्वे टीम ने महिलाओं से किया संवाद, योजनाओं की प्रगति परखी
ज्ञानपुर। महिलाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन एवं डिजिटल साक्षरता से संबंधित सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए रविवार को शासन की तीन सदस्यीय सर्वे टीम जिले के दौरे पर पहुंची। टीम ने औराई और ज्ञानपुर ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरियों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
सर्वे टीम में शामिल प्रो. पूनम कुमारी, धीरज सिंह और कुलदीप उपाध्याय ने समूह से जुड़ी महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव जाने। महिलाओं ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब परिवार व समाज में निर्णय लेने में सक्षम हुई हैं। कई महिलाओं ने स्वरोजगार के माध्यम से नियमित आय होने की बात कही।
टीम ने कन्या सुमंगला योजना, विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों से भी संवाद किया। लाभार्थियों ने कहा कि इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिली है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, इलाज और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। महिलाओं ने योजनाओं को सरल और लाभकारी बताते हुए समय पर भुगतान की सराहना की।
औराई के वासुदेवपुर स्थित कौशल विकास केंद्र पर सर्वे टीम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण, डिजिटल लेन-देन और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। बालिकाओं ने बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है और भविष्य में नौकरी या स्वयं का काम शुरू करने की प्रेरणा मिली है।
सर्वे टीम ने कटेबना स्वयं सहायता समूह द्वारा नवाचार के रूप में तैयार की गई पोषण पोटली ‘प्रोटीनला’ की सराहना करते हुए इसे महिला समूहों के लिए प्रेरणादायी बताया। साथ ही मयूर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन की संचालक सुमित्रा देवी से संवाद कर महिला आर्थिक स्वावलंबन, रोजगार सृजन और सामूहिक प्रयासों की सफलता को समझा।
टीम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं को योजनाओं से अधिक से अधिक जोड़ने के साथ-साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता और विपणन सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर उपायुक्त मनरेगा राजाराम, प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


