सुरियावां में गोवंश पर क्रूरता का मामला: भाले से हमला कर हत्या का प्रयास, गंभीर घायल गोवंश को मिर्जापुर रेफर
सुरियावां। जनपद भदोही के सुरियावां नगर क्षेत्र में गोवंश के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है, जिसने पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। आरोप है कि एक गोवंश पर भाले से हमला किया गया, जिसमें भाला उसके शरीर के आर-पार हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग सक्रिय हुआ। सुरियावां पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. सचिन पांडेय ने घायल गोवंश का उपचार करते हुए उसके शरीर में फंसे भाले को बाहर निकाला और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भदोही (CVO) के निर्देश पर जिला पशु चिकित्सालय में आवश्यक उपचार कराया गया। इसके बाद बेहतर इलाज और सर्जरी के लिए गोवंश को मिर्जापुर स्थित बड़े पशु अस्पताल रेफर किया गया। भदोही नगर पालिका के कैटल वाहन से उसे मिर्जापुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले को लेकर सुरियावां थाना प्रभारी से जानकारी ली गई, जिसमें बताया गया कि घटना के संबंध में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस पूरे मामले में गो सेवा आयोग के सदस्य श्री रमा शंकर उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी भदोही, उप जिलाधिकारी भदोही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सुरियावां थाना पुलिस टीम, नगर पंचायत सुरियावां के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोगों ने घायल गोवंश के उपचार में सहयोग किया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अमानवीय घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और घायल गोवंश को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
भारत क्रांति न्यूज़ की अपील:
पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और करुणा बनाए रखें। किसी भी प्रकार की हिंसा की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
भारत क्रांति न्यूज़ | भदोही से खबर
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

