44 डिग्री तापमान और लू ने बढ़ाई मुश्किलें, 25 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं गर्म हवाएं
भदोही। जिले में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। मंगलवार को भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जबकि तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने जिले में आगामी तीन दिनों तक लू और रिकॉर्ड गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि उत्तर ईरान की ओर से आ रही गर्म हवाओं का असर पूर्वांचल के जिलों में साफ दिखाई दे रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में गर्मी तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को दिन का तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह आठ बजे से ही सूरज की तपिश तेज हो गई थी। दोपहर 12 बजे के बाद हालात और गंभीर हो गए। करीब 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया। बाजारों और मुख्य मार्गों पर आवाजाही कम रही। सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को उठानी पड़ी।
वहीं जिले में आर्द्रता 100 फीसदी के आसपास पहुंचने से उमस ने लोगों की बेचैनी और बढ़ा दी। घरों के भीतर भी लोगों को राहत नहीं मिली। लगातार पसीना निकलने और गर्म हवाओं के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी। शहर और ग्रामीण इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग होने से लोग परेशान रहे। बिजली कटौती के कारण पंखे और कूलर बंद होने से दोपहर के समय हालात और कठिन हो गए।
जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 मई तक जिले में भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें और छाता या गमछे का उपयोग करें।
शाम करीब पांच बजे के बाद हवाओं की रफ्तार कम होने और सूरज की तपिश घटने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन रात में भी गर्मी का असर बना रहा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





