आनंदडीह बाजार में भीषण आग, 40 लाख की संपत्ति राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आनंदडीह बाजार में भीषण अग्निकांड, 40 लाख की संपत्ति राख

घर में फंसे छह लोगों को ग्रामीणों ने सीढ़ी लगाकर बचाया

भदोही जनपद के आनंदडीह बाजार में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बाजार स्थित रेडिमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि दुकान के ऊपर बने मकान में रह रहा पूरा परिवार अंदर फंस गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक दुर्गागंज थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी ओपी केसरवानी की रेडिमेड कपड़ों की दुकान उनके घर के निचले हिस्से में संचालित होती है। ऊपर बने मकान में वह अपनी पत्नी, दो बच्चों, भाई और भाभी के साथ रहते हैं। रविवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर पूरा परिवार सो गया था। इसी दौरान रात करीब दो बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं और गर्मी के कारण परिवार के लोग घबरा गए और घर के अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही राहत कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने घर के पीछे स्थित मंदिर की दीवार के सहारे सीढ़ी लगाई और एक-एक कर सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने बाल्टी, मोटर और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का रेडिमेड कपड़ा, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी दस्तावेज जल चुके थे। पीड़ित व्यापारी ने करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मनोज कुमार ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

घटना के बाद सोमवार सुबह बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। जली हुई दुकान और राख में तब्दील सामान देखकर हर कोई स्तब्ध नजर आया। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles