बिजली फॉल्ट ठीक करने जा रहे दो लाइनमैन सड़क हादसे में गंभीर घायल
भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बिजली फॉल्ट ठीक करने जा रहे दो लाइनमैन अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मिर्जापुर रोड स्थित सीता बाबा मंदिर के पास की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार लालानगर विद्युत फीडर पर कार्यरत लाइनमैन विनोद उपाध्याय (36) को क्षेत्र में केबल जलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह अपने साथी पारी यादव (32) निवासी ककराही के साथ बाइक से फॉल्ट ठीक करने के लिए रवाना हुए। दोनों जैसे ही मिर्जापुर रोड स्थित सीता बाबा मंदिर के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों लाइनमैन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरबी टीम के दीवान नुमान सिद्दीकी ने अपने सहयोगियों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

