शुकुलपुर हत्याकांड में बड़ा फैसला: 3 सगे भाइयों समेत 9 दोषियों को उम्रकैद
भदोही जिले के बहुचर्चित शुकुलपुर हत्याकांड में करीब तीन साल बाद अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट लोकेश कुमार मिश्र की अदालत ने सोमवार को तीन सगे भाइयों समेत नौ दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने सभी दोषियों पर 32 हजार 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
चुनावी रंजिश बनी हत्या की वजह
अभियोजन पक्ष के अनुसार, ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के शुकुलपुर गांव निवासी सूर्य नारायण शुक्ला ने 9 मई 2023 को पुलिस में तहरीर देकर बताया था कि गांव में चुनावी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के चलते उनके बेटे वेद प्रकाश शुक्ला और भतीजे त्रिवेणी प्रसाद शुक्ला पर हमला किया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया था कि गांव के सुरेश शुक्ला के उकसावे पर कई लोगों ने मिलकर दोनों युवकों को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में त्रिवेणी प्रसाद शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका सिर फट गया था, जबकि वेद प्रकाश शुक्ला भी बुरी तरह घायल हुए थे।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिवार के लोग दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। इलाज के दौरान त्रिवेणी प्रसाद शुक्ला की मौत हो गई, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
कोर्ट ने सभी नौ आरोपियों को माना दोषी
लंबी सुनवाई और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने नौ लोगों को दोषी करार दिया। दोषियों में तीन सगे भाई विंध्यवासिनी शुक्ला, जलनी शुक्ला और संतोष शुक्ला शामिल हैं।
इसके अलावा सुरेश शुक्ला, शैलेंद्र उर्फ सत्यम शुक्ला, धर्मेंद्र उर्फ सुंदरम शुक्ला, सर्वेश शुक्ला, विकास उर्फ राहुल शुक्ला और आकाश शुक्ला निवासी शुकुलपुर हरिहरपुर को भी दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
फैसले के बाद गांव में चर्चा तेज
अदालत के फैसले के बाद शुकुलपुर और आसपास के इलाके में पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई। लंबे समय से चर्चित इस हत्याकांड में आए फैसले को लेकर गांव में लोगों की नजरें टिकी थीं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए न्यायालय परिसर में भी पुलिस बल तैनात रहा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

