सीएमओ का सीएचसी भानीपुर में औचक निरीक्षण, ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं की जांच
भदोही। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके चक ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भानीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति का गहनता से जायजा लिया।
सीएमओ ने अस्पताल की ऑनलाइन ओपीडी, आईपीडी और लैब जांच व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने रिकॉर्ड का मिलान कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को परखा और मरीजों को समयबद्ध एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि एक अप्रैल से अब तक सीएचसी भानीपुर में कुल 5226 मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण कर ओपीडी और आईपीडी सेवाएं प्रदान की गई हैं। सीएमओ ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से मरीजों को सुविधा मिल रही है और कार्य प्रणाली अधिक व्यवस्थित हो रही है।
आभा आईडी निर्माण की समीक्षा में अभोली ब्लॉक द्वारा 75 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर जनपद में पहला स्थान प्राप्त करने पर संतोष जताया गया। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को शेष लोगों की भी जल्द से जल्द आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने सभी एएनएम, आशा संगिनी और सीएचओ को हेडकाउंट सर्वे में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एएनएम को ओआरएस पैकेट, जिंक टैबलेट सहित अन्य आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य सामग्री भी वितरित की गई। इस मौके पर डॉ. पंचदेव, डॉ. सीमा, डॉ. देवजनी, श्याम सुंदर सिंह, संजीत शुक्ला, अजीत कुमार, अनिल शर्मा, जय किशन, मुकेश बिंद समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।