सीएमओ ने सीएचसी भानीपुर का किया औचक निरीक्षण, ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं की परखी व्यवस्था
ज्ञानपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके चक ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
सीएमओ ने ऑनलाइन ओपीडी, आईपीडी तथा लैब जांच व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मरीजों के पंजीकरण, उपचार और जांच रिपोर्ट की ऑनलाइन प्रक्रिया को देखा तथा स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त की। अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और ऑनलाइन डाटा अपडेट में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने बताया कि एक अप्रैल से अब तक कुल 5226 मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी और आईपीडी दर्ज की गई है। साथ ही अभोली ब्लॉक ने 75 प्रतिशत आभा आईडी बनाकर जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया है, जिस पर सीएमओ ने टीम की सराहना की।
सीएमओ ने सभी एएनएम, आशा संगिनी और सीएचओ को निर्देशित किया कि हेडकाउंट सर्वे में तेजी लाई जाए और शत-प्रतिशत लक्ष्य जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और डिजिटल हेल्थ मिशन जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एएनएम को ओआरएस पैकेट, जिंक टैबलेट समेत अन्य आवश्यक दवाएं और सामग्री वितरित की गई। सीएमओ ने गर्मी और मौसमी बीमारियों को देखते हुए लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर डॉ. पंचदेव, डॉ. सीमा, डॉ. देवजनी, श्याम सुंदर सिंह, संजीत शुक्ला, अजीत कुमार, अनिल शर्मा, जय किशन, मुकेश बिंद समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
