भदोही: जनपद में रेल सेवाओं की बदहाल स्थिति और यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद कर दी है। मंगलवार को भदोही रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह को ज्ञापन सौंपा और कई अहम मांगें रखीं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि भदोही और सुरियावां जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव न होने से लोगों को वाराणसी या प्रयागराज जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
ज्ञापन में भदोही स्टेशन पर आनंद विहार–मालदा टाउन एक्सप्रेस, नई दिल्ली–मालदा टाउन एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस और वाराणसी–गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई। वहीं सुरियावां स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15107/15108 के ठहराव को जरूरी बताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी मुद्दा उठाया कि लखनऊ से जंघई होते हुए वाराणसी के बीच दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक कोई सीधी ट्रेन नहीं है, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। इस रूट पर नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
इसके अलावा सुरियावां स्टेशन पर अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित होने से यात्रियों को अंधेरे और असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। मोढ़ स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ठहराव और सुरियावां स्टेशन पर बने सामुदायिक शौचालय को आम जनता के लिए खोलने की भी मांग की गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पाण्डेय ने कहा कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने भी यात्रियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए रेलवे प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपील की।
इस मौके पर पंडित दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, मसूद आलम, सुबुकतगीन अंसारी, शबाना खातून, अवधेश पाठक, जजलाल राय, जिला दूबे, शमशीर अहमद, सरफराज अहमद, नाजिम अली, अजय कुमार प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
