भदोही: स्मार्ट मीटर के विरोध में आप का जोरदार प्रदर्शन, योजना वापस लेने की मांग तेज
भदोही। जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध के स्वर लगातार तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिविल लाइंस स्थित विद्युत उपकेंद्र पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार पर जनता के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लागू की गई स्मार्ट मीटर योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना पारदर्शिता के नाम पर लागू की गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर यह आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन गई है। उपभोक्ताओं को न तो सही बिल मिल रहा है और न ही उन्हें समय पर संतोषजनक समाधान मिल पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जहां उपभोक्ताओं का बिजली बिल 1000 से 1500 रुपये के बीच आता था, वहीं अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद वही बिल 6 से 7 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होते ही तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में उपभोक्ताओं को बिना पूर्व सूचना के बिजली से वंचित कर दिया जाता है।
रविवार होने के कारण विद्युत उपकेंद्र का कार्यालय बंद था, जिससे कोई जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए मौजूद नहीं मिला। इस पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति विभाग पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटर को “लूट का जरिया”, “गलत बिलिंग का माध्यम” और “बिजली कटौती का औजार” बताते हुए इसे तत्काल हटाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जल्द ही इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में मनोज गुप्ता, इजहार अहमद, पवन सिंह, राम प्रसाद यादव, विद्यासागर यादव, महेंद्र नाथ पाल, सुरेश यादव, अजीत यादव, हरिशंकर पाल, नंदलाल पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।