जंगीगंज: युवक ने फंदे से लटककर दी जान, नशे और पारिवारिक कलह बनी वजह
भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कलनुआ गांव में बुधवार देर रात एक युवक द्वारा फंदे से लटककर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कलनुआ निवासी शिवलाल गौतम (35) लंबे समय से नशे का आदी था। नशे की लत के कारण वह अक्सर परिवार के सदस्यों से विवाद करता रहता था। परिजनों का आरोप है कि वह पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट भी करता था, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण बना रहता था।
बुधवार को भी विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर बच्चों के कपड़े जला दिए। इसके बाद पत्नी से झगड़ा कर उसे बच्चों सहित मायके भेज दिया। घर में अकेले रह जाने के बाद देर रात उसने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार सुबह जब परिजन घर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला तो युवक का शव फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना पर जंगीगंज चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की सही वजह स्पष्ट हो सके।
गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।